Screenshot
कोरबा । कोरबा में पति ने पत्नी के सिर पर हथौड़े से हमला कर दिया। इस घटना के बाद बड़ी बेटी ने भी दवा खा ली। जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया है। मामला उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम तरदा का है।
जानकारी के अनुसार, राइमंड प्रकाश जांगड़े का विवाह करीब 20 साल पहले बेंदरकोना निवासी कविता बाई जांगड़े (38) से हुआ था। राइमंड खेती-किसानी कर पत्नी और चार बच्चों का पालन-पोषण करता था, लेकिन वह नशे का आदी हो गया था।
वह अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था और अक्सर इसी बात को लेकर विवाद करता था। शनिवार शाम को राइमंड नशे की हालत में घर पहुंचा। घर पहुंचते ही उसने पीछे से पत्नी कविता बाई के सिर पर लोहे के हथौड़े से हमला कर दिया।
महिला को बिलासपुर रेफर किया गया
हमले से कविता बाई के सिर से खून बहने लगा और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। घटना के समय मौके पर मौजूद दो बेटियां और एक बेटा बुरी तरह घबरा गए। पिता उन तक पहुंच पाता, इससे पहले ही बच्चे अपनी जान बचाकर पास के परिजनों के घर पहुंच गए।
गंभीर रूप से घायल कविता बाई को अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत में थोड़ा सुधार होने के बाद डॉक्टरों ने उसे इलाज के लिए सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया। अस्पताल चौकी प्रभारी विश्वनारायण चौहान अपनी टीम के साथ आपातकालीन कक्ष पहुंचे और पीड़िता कविता बाई का बयान दर्ज किया।
मारपीट से तंग आकर बेटी ने दवा खा ली
पत्नी पर हथौड़े से हमला करने के बाद भी राइमंड का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उसने अपनी दोनों बेटियों को अपने पास रखी कुछ गोलियां (दवा) दीं और कहा कि अगर वे उसकी बेटियां हैं, तो उन्हें खा लें। पिता के रोज-रोज के विवाद और मारपीट से तंग आकर बड़ी बेटी ने वह दवा खा ली। इससे उसकी भी तबीयत बिगड़ गई, जिसका उपचार अस्पताल में किया गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी पति राइमंड प्रकाश जांगड़े पहले भी हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है। उसे अपने साथियों के साथ चचेरे भाई की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। वह चार साल बाद जेल से रिहा हुआ था। विवाहिता के परिजनों ने भी उसके खिलाफ पहले पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
