इंदौर। दिल्ली से अहमदाबाद जा रहा एयर इंडिया का विमान शनिवार को बड़े हादसे का शिकार होते-होते बचा। अहमदाबाद हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दौरान विमान रनवे की सतह से टकराया, जिसे तकनीकी भाषा में हार्ड लैंडिंग कहा जाता है। संतुलन बिगड़ने के कारण पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को तुरंत दोबारा हवा में उड़ा दिया। हालांकि, इसके बाद विमान को दोबारा अहमदाबाद में उतारने के बजाय इंदौर के लिए डायवर्ट कर दिया गया।
इंदौर पहुंचते ही तकनीकी खराबी के चलते उड़ान रद्द
शाम करीब 5 बजे जब विमान इंदौर के देवी अहिल्या बाई होलकर हवाई अड्डे पर उतरा, तो जांच के बाद अधिकारियों ने इसमें तकनीकी खराबी की पुष्टि की। इसके बाद फ्लाइट को निरस्त कर दिया गया। यात्रियों ने इस बात पर सवाल उठाए कि जब विमान इंदौर में सुरक्षित उतर सकता था, तो उसे अहमदाबाद में दोबारा उतारने का प्रयास क्यों नहीं किया गया।
180 यात्रियों की जान जोखिम में, हवाई अड्डे पर हुआ हंगामा
विमान में कुल 180 यात्री सवार थे, जो अहमदाबाद में हुई घटना के बाद से ही सहमे हुए थे। इंदौर में फ्लाइट रद्द होने की सूचना मिलते ही यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने जमकर हंगामा किया। एयर इंडिया प्रबंधन ने स्थिति को संभालते हुए कुछ यात्रियों को सड़क मार्ग से भेजा, जबकि कुछ को होटल में ठहराकर अगले दिन की उड़ानों से गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की।
विशेषज्ञों ने बताया हार्ड लैंडिंग का खतरा
विमानन विशेषज्ञों के अनुसार, हार्ड लैंडिंग की स्थिति में विमान के टायर, लैंडिंग गियर या सस्पेंशन सिस्टम को गंभीर नुकसान पहुंचने की आशंका रहती है। संभवतः इसी तकनीकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेषज्ञों ने विमान का आगे परिचालन बंद करने का निर्णय लिया। फिलहाल विमान की गहन जांच की जा रही है।
